खैराचातर में वन सुरक्षा समिति और वनकर्मियों की बैठक, अवैध पातन रोकने के लिए बनेगा गश्ती दल

 

कसमार (बोकारो)। खैराचातर स्थित बीट कार्यालय में बुधवार, 20 अगस्त को वन सुरक्षा समिति (JFMC) एवं वनकर्मियों की संयुक्त विशेष बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विष्णु चरण महतो ने की। बैठक में जंगलों की सुरक्षा, वन समितियों को सक्रिय करने, अवैध पातन पर रोक लगाने और ग्रामीणों को जंगली हाथियों समेत अन्य वन्यजीवों से बचाव के प्रति जागरूक करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में विभिन्न जंगलों में बांस-करिल के अवैध दोहन तथा पेड़ों के अवैध पातन को रोकने के लिए विशेष गश्ती दल गठित करने का निर्णय लिया गया। गश्ती दल नियमित रूप से जंगलों में निगरानी करेगा और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पाए जाने पर उसकी रोकथाम की जाएगी।

वहीं, लंबे समय से निष्क्रिय पड़ी वन सुरक्षा समितियों का पुनर्गठन कर उन्हें सक्रिय करने पर सहमति बनी। वन विभाग और वन समितियों के बीच आपसी समन्वय बेहतर बनाकर वनों की सुरक्षा को मजबूत करने तथा सभी समितियों की नियमित बैठक सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीम गठित करने का निर्णय लिया गया। सभी समितियों के बैंक खातों को भी सक्रिय कराया जाएगा।

बैठक में जंगली हाथियों और अन्य वन्यजीवों से सुरक्षित बचाव के लिए ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। ग्रामीणों को वन्यजीवों की मौजूदगी के दौरान विशेष सावधानी बरतने और विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा खैराचातर बीट कार्यालय के सभी स्टाफ क्वार्टरों एवं कार्यालय भवन की विशेष मरम्मत, रंग-रोगन एवं जीर्णोद्धार कराने का निर्णय लिया गया।

आराजू में होगी अगली बैठक

बैठक में तय किया गया कि वन विभाग एवं वन सुरक्षा समितियों की अगली बैठक जरीडीह प्रखंड के आराजू में आयोजित की जाएगी। इसमें वन विभाग के कर्मियों के साथ वन समितियों के सदस्य शामिल होंगे। क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोकने तथा समितियों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। किसी समिति में गलत गतिविधि की जानकारी मिलने पर उसे रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सियार के हमले में घायल युवक को मिलेगा मुआवजा

बैठक में नावाडीह गांव निवासी राहुल कुमार महतो, पिता केदार नाथ महतो, के जंगली सियार के हमले में घायल होने का मामला भी सामने आया। विभागीय प्रावधानों के तहत उन्हें मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी कराने का निर्णय लिया गया।

 

बैठक में वनरक्षी सुरेश कुमार टुडू, गंगाधर महतो, आनंद महतो, मनोज सिंह, कलेवर मांझी, ठाकुरदास महतो, राजेश महतो, ललन महतो, देवलाल महतो, रिखी लाल महतो, मिथिलेश महतो, दुर्गा चरण महतो, शनि कुमार महतो, निरंजन महतो, जगदंब महतो, मनमोहन तिवारी, महेश महतो, आनंद कुमार महतो, गीत लाल मांझी, नीतेश करमाली, शंकर प्रसाद टुडू, उमेश कुमार महतो, चंद्र मोहन महतो, गोविंद टुडू समेत वन समिति के सदस्य एवं वन विभाग के कर्मी मौजूद थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Share via
Copy link