कसमार। कसमार थाना क्षेत्र के मोचरो गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप से करीब 400 मीटर केबल तार चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया केबल तार भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष केबल की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की रात मोचरो गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के पास से डीएम 95 एमएम का करीब 400 मीटर केबल तार चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में तेलमुंगा निवासी हीरालाल जायसवाल की शिकायत पर कसमार थाना कांड संख्या 68/2026, दिनांक 20 अगस्त 2026 को धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 अगस्त को छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिगंबर कुमार पांडेय (28 वर्ष), निवासी सेक्टर-3, बोकारो, मूल निवासी देवरी थाना क्षेत्र, गिरिडीह तथा चंदन कुमार दुबे (24 वर्ष), निवासी जैनामोड़ मिश्रा साइड, थाना जरीडीह, बोकारो के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर चोरी किए गए केबल में से एक केबल बरामद किया गया है। मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी और बाकी चोरी गए केबल की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
छापेमारी दल में कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार, पुअनि रंजन कुमार सिंह, पुअनि घनश्याम कुमार रवि, सअनि पंकज कुमार तथा आरक्षी 209 मासूम रजा रिजवी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से केबल चोरी की घटना के पीछे सक्रिय गिरोह तक पहुंचने की उम्मीद बढ़ी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात में और कितने लोग शामिल थे और चोरी किए गए शेष केबल को कहां खपाया गया।

