हिसीम के सात आंगनबाड़ी केंद्रों के 132 कुपोषित बच्चों को मिला पोषण का सहारा

पोषण शिविर में बच्चों को प्रतिदिन दिया गया अलग-अलग पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य जांच के साथ परामर्श भी

कसमार (बोकारो) : डीएमएफटी फंड के सहयोग से राजकुमारी फाउंडेशन की ओर से कसमार प्रखंड के हिसीम पंचायत में सात आंगनबाड़ी केंद्रों के 132 कुपोषित बच्चों के लिए 10 से 24 अगस्त तक विशेष पोषण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना और उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना था।

शिविर के दौरान बच्चों को प्रतिदिन अलग-अलग प्रकार के पौष्टिक आहार उपलब्ध कराए गए। साथ ही मोबाइल मालन्यूट्रिशन एंड ट्रीटमेंट वैन के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाएं दी गईं। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों के पोषण स्तर की जांच करने के साथ महिलाओं और बच्चों में संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की शुरुआती स्तर पर पहचान की।

जांच के बाद जरूरतमंद परिवारों को बच्चों के उचित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और देखरेख से संबंधित आवश्यक परामर्श दिया गया। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों के खान-पान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की भी सलाह दी गई।

मुखिया बबिता देवी ने कहा कि कुपोषण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित करता है। इससे बचाव के लिए बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार देना और समय-समय पर उनके स्वास्थ्य की जांच कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित इस तरह के पोषण शिविर ग्रामीण परिवारों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं।

शिविर में प्रोजेक्ट मैनेजर रवि कुमार, प्रोजेक्ट एसोसिएट श्वेता शिखा तिर्की, डाइटीशियन मधु मेहता, लैब टेक्नीशियन कौशर आलम, एमपीडब्ल्यू डब्ल्यू. महतो और डॉ. सपना लिना सहित अन्य उपस्थित थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Share via
Copy link