25 अगस्त से 6 सितंबर तक पंचायत और बूथ स्तर पर चलाया जाएगा एमएमडीआर के खिलाफ जागरूकता अभियान
कसमार (बोकारो) : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कसमार प्रखंड समिति की बैठक सोमवार को पंचायत भवन गर्री में अध्यक्ष दिलीप कुमार हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा लाए गए खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित और संशोधन से झारखंड के आर्थिक हितों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विधेयक के विरोध में 7 सितंबर 2026 को कसमार प्रखंड मुख्यालय के समीप एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार से इस विधेयक को वापस लेने की मांग की।
कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड के आर्थिक और संवैधानिक हितों की रक्षा जरूरी है। बैठक में केंद्र सरकार पर राज्य के बकाया राशि को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए। झामुमो ने इसे राज्य के अधिकारों और आर्थिक हितों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए आंदोलन को प्रखंड स्तर तक व्यापक बनाने का निर्णय लिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 25 अगस्त से 6 सितंबर तक कसमार प्रखंड की सभी पंचायतों और बूथों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता ग्रामीणों को विधेयक के संभावित प्रभावों की जानकारी देंगे और उन्हें आंदोलन से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
झामुमो प्रखंड समिति ने कार्यकर्ताओं से पंचायत एवं बूथ स्तर पर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा 7 सितंबर के धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की। मौके पर प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी, विधायक प्रतिनिधि मो शेरे आलम, प्रखंड सचिव सोहेल अंसारी, कोषाध्यक्ष हरेंद्र महतो, सिकंदर कपरदार, बिनोद बिहारी महतो, मिथलेश जायसवाल, डब्लू महतो, रमेश वर्मा, सुभाष चंद्र ठाकुर, बबीता देवी, पंंसस मंजू देवी, बिनोद महतो , कुलदीप करमाली, नवीन जायसवाल, इरफान अहमद समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

