सेवाती घाटी में डकैतों से भिड़ गए चार ग्रामीण, छीन लिए टांगी-फारसा और उन्हीं से किया पलटवार

फ़रवरी 1991 की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना, बैल खरीदने झालदा जा रहे कसमार के ग्रामीणों ने दिखाई थी अदम्य वीरता

विशेष रिपोर्ट | हेमन्त महतो ‘हिंदीइआर’

कसमार (बोकारो)। झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित सेवाती घाटी आज अपनी प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के कारण चर्चा में है। चर्चा तब और अधिक हो गई जब पिछले सप्ताह मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घाटी का अचानक दौरा किया और जिला प्रशासन को पर्यटन विकास व सौंदर्यीकरण की संभावनाएं तलाशकर योजनाएं तैयार करने का निर्देश दिया। लेकिन इन खूबसूरत वादियों में अतीत की ऐसी खौफनाक कहानी भी दफन है, जिसे सुनकर आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

 

करीब 35-36 वर्ष पहले सेवाती घाटी का रास्ता बेहद दुर्गम था। चारों ओर घना जंगल, ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी ढलान और सुनसान पगडंडियां थीं। झालदा के प्रसिद्ध पशु बाजार से कसमार, पेटरवार, जरीडीह और आसपास के गांवों के लोग बैल व काड़े खरीदकर इसी रास्ते से लौटते थे। इसी सुनसान घाटी में हथियारबंद लुटेरे घात लगाकर ग्रामीणों को निशाना बनाते थे।

झालदा जाते समय छह हथियारबंद लुटेरों ने घेरा

घटना फरवरी 1992 की एक सुबह की है। कसमार थाना क्षेत्र के रांगामाटी गांव निवासी भोला महतो अपने भाइयों दुलू महतो और बुधू महतो तथा पड़ोसी चाचा मानिक महतो के साथ बैलों की जोड़ी खरीदने पैदल झालदा बाजार जा रहे थे।

 

चारों सेवाती घाटी के रास्ते आगे बढ़ रहे थे। घाटी में उतरने वाले रास्ते का झरना पार करने के बाद वे बड़े पत्थर वाली टर्निंग और संकरी गलीनुमा जगह के पास पहुंचे। तभी वहां पहले से घात लगाकर बैठे छह हथियारबंद लुटेरों ने उन्हें रोक लिया।

 

लुटेरों के हाथों में पिस्तौल, टांगी, फारसा और तबला जैसे धारदार हथियार थे। उन्होंने ग्रामीणों को रुकने और पैसे निकालने का आदेश दिया। तलाशी के दौरान उन्होंने बड़े भाई भोला महतो को घेर लिया और फारसा व तबला तानकर रुपये छीनने की कोशिश करने लगे।

 

यह देखकर बुधू महतो आगे आए और लुटेरों से कहा कि वे इस तरह पैसे नहीं छीन सकते। इससे लुटेरे भड़क गए और उन्होंने बुधू महतो पर हमला कर दिया। एक ओर हथियारबंद लुटेरे थे, तो दूसरी ओर ग्रामीणों के सामने अपनी जान और मेहनत की कमाई बचाने की चुनौती।

भाई पर फारसे से हमला होते ही बदला मुकाबले का रुख

ग्रामीणों के अनुसार, जब लुटेरों को पैसे नहीं मिले तो उन्होंने भोला महतो को घेरकर फारसे से हमला कर दिया। भाई पर हमला होते देख बुधू महतो ने हिम्मत दिखाई और दौड़कर हमलावर के हाथ से फारसा छीन लिया।

यहीं से मुकाबले का रुख बदल गया। ग्रामीण जान बचाकर भागने के बजाय लुटेरों से भिड़ गए। उन्होंने हमलावरों के हाथों से टांगी समेत अन्य हथियार भी छीन लिए और उन्हीं हथियारों से पलटवार शुरू कर दिया।

अचानक हुए इस प्रतिरोध से लुटेरों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक, चार लुटेरे घटनास्थल पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बाकी लुटेरों को भी घायल कर बंगाल की ओर स्थित जंगलों में खदेड़ दिया गया।

यह घटना केवल लूटपाट का विरोध नहीं थी, बल्कि दुर्गम जंगलों से गुजरने वाले ग्रामीणों के साहस और आत्मरक्षा की असाधारण मिसाल बन गई।

घायल ग्रामीण हथियार लेकर पहुंचे थाने

मुकाबले में चारों ग्रामीण भी घायल हुए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। घायल अवस्था में वे मुरहुलसूदी-पिरगुल चौक होते हुए खैराचातर पहुंचे और सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराया।

इसके बाद वे लुटेरों से छीने गए फारसा और टांगी लेकर कसमार थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और बरामद हथियार थाने में जमा करा दिए।

उस समय यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई थी। हालांकि, कितने लुटेरों की मौत हुई, इसकी स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, चार लुटेरे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े थे, जबकि दो भागने में सफल रहे।

चारों प्रत्यक्षदर्शी आज भी जीवित

इस घटना की सबसे खास बात यह है कि इसके मुख्य पात्र बताए जाने वाले चारों ग्रामीण आज भी जीवित हैं। इनमें तीन सगे भाई और एक पड़ोसी चाचा शामिल थे। उस समय वे युवा, मजबूत और साहसी थे।

उनके अनुसार, उस दौर में सेवाती घाटी से गुजरना बेहद जोखिम भरा था। जंगल के रास्ते में लुटेरों के हमले का डर हमेशा बना रहता था। हालांकि, इस घटना के बाद घाटी में लूटपाट की घटनाएं बंद हो गईं।

आज सेवाती घाटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। ऐसे में इसकी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ यहां से जुड़ी पुरानी घटनाओं और स्थानीय लोगों के अनुभवों को भी संजोने की जरूरत है।

सेवाती घाटी केवल पहाड़, जंगल और वादियों का नाम नहीं है। यह उस दौर की याद भी समेटे हुए है, जब रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दुर्गम रास्तों से गुजरने वाले ग्रामीणों को अपनी जान और मेहनत की कमाई बचाने के लिए असाधारण साहस दिखाना पड़ता था।

फरवरी 1992 की यह घटना आज भी याद दिलाती है कि विपरीत परिस्थितियों में साहस, एकजुटता और संकट का सामना करने का हौसला इंसान की सबसे बड़ी ताकत बन सकता है।

 #sewatighati #kasmar

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Share via
Copy link