Kasmar : भारतमाला परियोजना के तहत कसमार प्रखंड में दो प्रमुख स्थानों पर इंटरचेंज निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों और विभिन्न राजनीतिक-सामाजिक संगठनों ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को पोंडा पंचायत भवन में इस मुद्दे को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि भारतमाला परियोजना फेज-1 के तहत जैनामोड़ से ओरमांझी फोरलेन के बीच पोंडा पंचायत के बनगजरा तथा फेज-2 के तहत वाराणसी-कोलकाता सिक्सलेन में बगियारी मोड़ के पास इंटरचेंज निर्माण की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल एनएचएआई के क्षेत्रीय कार्यालय, धनबाद जाकर मांगपत्र सौंपेगा।
वक्ताओं ने कहा कि दोनों स्थानों पर इंटरचेंज का निर्माण होने से कसमार प्रखंड के लोगों को फोरलेन सड़क का सीधा लाभ मिलेगा। इससे बोकारो, बेरमो, धनबाद, गिरिडीह समेत अन्य क्षेत्रों तक आवागमन सुगम होगा। इंटरचेंज नहीं बनने पर क्षेत्र के लोगों को फोरलेन तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी।
बैठक में कहा गया कि एनएचएआई की ओर से मांग पर समुचित कार्रवाई नहीं की गई तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में हारू रजवार, रामसय हांसदा, शकुर अंसारी, यदुनंदन जायसवाल, शेखर शरदेंदु, रमेश महाराज, धरमेंदू शेखर मुखर्जी, सूरज जायसवाल और परमेश्वर नायक समेत अन्य लोग शामिल रहेंगे।
बैठक की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया हारू रजवार ने की, जबकि संचालन भाकपा-माले नेता शकुर अंसारी ने किया।
मौके पर प्रखंड प्रमुख सह झामुमो नेत्री नियोति कुमारी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष दिलीप कुमार हेंब्रम, वरिष्ठ भाजपा नेता यदुनंदन जायसवाल, जेएलकेएम जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार महतो, सीपीआई नेता दिवाकर महतो, कांग्रेस नेता रमेश चंद्र महाराज, परमेश्वर नायक, सिकंदर कपद्दार, बगदा मुखिया पति संजय सिंह, खैराचातर मुखिया विजय कुमार जायसवाल, सूरज प्रकाश जायसवाल, रामसय हांसदा, इरफान अहमद, दिलीप गंझू, कमलेश जायसवाल समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

