चास (बोकारो)। भारतीय जनता पार्टी बोकारो विधानसभा के सक्रिय सदस्य सम्मेलन का आयोजन बुधवार को चास स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चास नगर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष विक्की राय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हजारीबाग के पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए यदुनाथ पांडेय ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नई दिशा और पहचान प्राप्त कर चुका है। उन्होंने कहा, मोदी सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल में ऐसे लोक-कल्याणकारी निर्णय लिए गए जो आजादी के बाद कभी नहीं हुए थे। 2014 में जब मोदी जी को पहली बार सत्ता मिली, तब देश भ्रष्टाचार, आतंकवाद और असुरक्षा के दौर से गुजर रहा था। लेकिन आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका है।
पांडेय ने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि- गांव, गरीब और किसान को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण हुआ, तीन तलाक की प्रथा समाप्त कर मुस्लिम महिलाओं को न्याय मिला, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर राष्ट्र की एकता को सुदृढ़ किया गया, वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक से गरीब मुस्लिम समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष जयदेव राय ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, तो इसका श्रेय पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से और अधिक सक्रिय सदस्य बनाने का आह्वान किया।
सह-संयोजक मुकेश राय ने भाजपा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी की जड़ें भारतीय जनसंघ से जुड़ी हैं, जिसकी स्थापना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की थी। वाजपेयी जी ने ही पार्टी का पहला घोषवाक्य दिया था, अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा जो आज सच्चाई बन चुका है।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोहित लाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति की परिभाषा ही बदल दी है। अब राजनीति जातिवाद, परिवारवाद या तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि विकास की हो रही है।
कार्यक्रम में भाजपा नेत्री परिंदा सिंह, अर्चना सिंह, मुकुल ओझा, इंद्र झा, टिंकू तापड़िया, विक्रम महतो, राघव मिश्रा, धर्मेंद्र महथा, अभिषेक कुमार ध्रुव, अमर स्वर्णकार, मनोज सिंह, अनिल सिंह, हरिपद गोप, धनंजय चौबे, विनय किशोर, संदीप टुन्ना सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
