बोकारो आजतक डेस्क
Bokaro : कसमार प्रखंड के विभिन्न धान क्रय केंद्रों के गोदामों में जगह नहीं रहने के कारण किसान अपने धान का विक्रय नहीं कर पा रहे हैं। अधिकतर पैक्स संचालकों ने धान की खरीदारी करने में असमर्थता जाता दी है। बताया जाता है कि पिछले एक महीने के दौरान जितने भी धान की खरीदारी विभिन्न पैक्सों में हुई है, उसका उठाव पनास राइस मिल रामगढ़ के द्वारा नहीं किए जाने के कारण गोदाम खाली नहीं हो पा रहा है। इसी के परिणामतः धान का क्रय विक्रय रुक- सा गया है और किसान पैक्सों का चक्कर लगा लगा कर थक गए हैं। हिसीम पैक्स के संचालक लालदेव महतो ने बताया कि हर दिन काफी संख्या में कृषक धान लेकर आते हैं, लेकिन उनका धान क्रय नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि उनके गोदाम में जगह नहीं बची है। श्री महतो ने बताया कि वर्तमान में उनके गोदाम में लगभग सात हजार क्विंटल धान पड़ा हुआ है और बार-बार आग्रह करने के बाद भी पनास राइस मिल, रामगढ़ के संचालक के द्वारा उठाव नहीं किया जा रहा है। श्री महतो ने बताया कि 15 दिसंबर से पैक्स में धान की खरीदारी शुरू हुई है, जिसमें अभी तक मात्र पांच गाड़ी यानी 1200 क्विंटल चावल का ही उठाव हो पाया है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें कम से कम दस हजार क्विंटल धान खरीदारी करने का लक्ष्य मिला है, लेकिन राइस मिल की लापरवाही के कारण वह अपने लक्ष्य से भी पीछे हैं।
श्री महतो ने कहा कि गोदाम में धान पड़े रहने से धान के खराब होने या जंगली हाथी के हमले में क्षतिग्रस्त करने का खतरा भी बना हुआ है। कृषक संतोष महतो, खगेंद्र महतो, छत्रु महतो, बबलू महतो आदि ने बताया कि वह कई बार पैक्स का चक्कर लगा चुके हैं और धान वापस लेकर लौट जाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार हिसीम के अलावा हरनाद, बगदा समेत अन्य पैक्स की भी लगभग यही स्थिति है। बगदा पैक्स के संचालक छत्रु महतो ने बताया कि उनके गोदाम में भी लगभग चार हजार क्विंटल धान भरा पड़ा है। उसका उठाव मिल वाले नहीं कर पा रहे हैं। उठाव नहीं होने से ऑनलाइन भी नहीं हो पा रहा है।

