राज्य सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं एवं महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है : मंत्री योगेंद्र प्रसाद

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने किया बोकारो पुलिस लाईन में  झंडोत्तोल

Bokaro : 77 वां गणतंत्र दिवस के अवसर पर सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने बोकारो जिला स्थित पुलिस केंद्र मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी तथा परेड का निरीक्षण किया। मंत्री ने समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा समारोह को संबोधित किया।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि 26 जनवरी का यह दिन हम सभी के लिए गर्व, सम्मान और आत्ममंथन का प्रतीक है। यह दिन हमें हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भारतीय संविधान की गरिमा एवं शक्ति का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि संविधान न केवल हमारे मौलिक अधिकारों की रक्षा करता है, बल्कि हमें हमारे कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे आदर्शों पर आधारित यह महान दस्तावेज़ हमारे लोकतंत्र की सुदृढ़ नींव है। माननीय मंत्री जी ने अपने संबोधन में उन सभी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति दी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं एवं महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में पिछले छह वर्षों में उल्लेखनीय एवं ऐतिहासिक कार्य हुआ है और आगे भी होता रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है और हमें संविधान में निहित मूल्यों का अनुसरण करते हुए सामूहिक प्रयासों से राज्य को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाना होगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा विविध विषयों पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर‌ सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Share via
Copy link