ज़िला प्रशासन की ओर से कसमार प्रखंड के मधुकरपुर में आयोजित हुआ ज़िला स्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी
कसमार। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग कृषि प्रभाग की ओर शनिवार को कसमार प्रखंड के मधुकरपुर में ज़िला स्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो शामिल हुए। अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी मो शाहीद अंसारी तथा संचालन गोमिया बीटीएम बब्लू सिंह ने किया।
इस दौरान मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री द्वारा दीप प्रज्वलित और फीता काटकर किया गया। मंत्री ने कहा कि किसान हमारे देश की रीढ़ हैं। किसानों की समृद्धि से ही राज्य और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे किसान मेला एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम किसानों को नई जानकारी, तकनीक और योजनाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने, उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। क़ृषि प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी किसानों को मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पेटरवार निवासी पबीता देवी एवं द्वितीय स्थान अशोक कुमार को मिला।
इस दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी रीतु राज, भूमि संरक्षण पदाधिकारी राजीव रंजन, गव्य पदाधिकारी त्रिदेव मंडल, पेटरवार कृषि वैज्ञानिक केंद्र के सीनियर हेड डाॅ रंजय कुमार सिंह, उप परियोजना निदेशक निरा सबिता जोजो, कसमार प्रखंड प्रमुख नियोति कुमारी, बीडीओ नम्रता जोशी, सीओ नरेन्द्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी कुंदन कुमार, झामुमो जिला सचिव सह विधायक प्रतिनिधि मुकेश महतो, विधायक प्रतिनिधि मो शेरे आलम, सांसद प्रतिनिधि बानेश्वर महतो, बीटीएम अरूण कुमार, मुखिया राजेन्द्र प्रसाद महतो, पंसस इंद्रजीत पाण्डेय, मंजू देवी, प्रिया देवी, निधि शर्मा आदि दर्जनों किसान मौजूद थे।




