कसमार (बोकारो): राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी “उन्नति का पहिया” योजना के तहत शनिवार को कसमार प्रखंड मुख्यालय में कल्याण विभाग द्वारा साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो की धर्मपत्नी एवं पूर्व विधायक बबीता देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व विधायक बबीता देवी के आगमन पर विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत से हुई। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कसमार प्रखंड के 1,144 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दी।
अपने संबोधन में पूर्व विधायक बबीता देवी ने कहा कि “उन्नति का पहिया” योजना राज्य सरकार की शिक्षा को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना से विद्यार्थियों की विद्यालय तक नियमित पहुंच सुनिश्चित होगी, पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा तथा उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी बिना किसी बाधा के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन एवं परिश्रम को जीवन का मूल मंत्र बनाने, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने तथा भविष्य में अपने परिवार, क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रमुख नियोति डे, झामुमो कसमार प्रखंड अध्यक्ष दिलीप हेंब्रम, विधायक प्रतिनिधि शेरे आलम, अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रतिमा दास, कल्याण विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
#yogendraprasad #hemantsoren #GovernmentOfJharkhand #UnanntiKaPahiya

