7 महिने पूर्व हुई थी पिता विश्वनाथ महतो का मृत्यु, भरत ने ही दी थी मुखाग्नि
पेटरवार/कसमार/ बोकारो : सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्द निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो के सबसे छोटे भाई भरत कपूर का बुधवार अहले सुबह आकस्मिक निधन हो गया। भरत का ईलाज हैदराबाद स्थित एआईजी अस्पताल में चल रहा था। 7 महिने पूर्व हुए पिता की मौत को ठीक से भूले नहीं थे कि अचानक सबसे दुलरवा भाई की मौत से मंत्री श्री महतो गहरे शोक में डूब गए। उनकी मां सहित पूरे परिवार के सभी सदस्य स्तब्ध हो गये हैं।

दिल्ली प्रवास में गये मंत्री को जैसे ही सूचना मिली फ्लाईट से वे सीधे रांची पंहुचे। मंत्री को सांत्वना देने के लिए ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय सहित कई साथी मंत्री, शुभचिंतक व कार्यकर्ता रांची स्थित आवास पंहुचे।

बता दें कि बीते विधानसभा चुनाव के दौरान मंत्री के पिता विश्वनाथ महतो का निधन हो गया था और अब सात महीने बाद छोटा भाई भरत कपूर के निधन से मंत्री और उनके परिवार के सदस्यों पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट गया है।
गोमिया विधानसभा क्षेत्र में इस अप्रिय सूचना से कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। मंत्री के धर्म पत्नी और गोमिया के पूर्व विधायक बबीता देवी ने बताया कि शाम को पार्थिव शरीर रांची लाया जायेगा। उसके बाद गुरुवार सुबह पैतृक गांव मुरूबंदा लाकर अंतिम दर्शन के बाद दामोदर नदी किनारे अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि भरत कपूर मंत्री योगेंद्र प्रसाद के साथ क़दम से क़दम मिलाकर चलते थे। हर कामों में हाथ बंटाते थे। भरत ने ही 7 माह पूर्व पिता को मुखाग्नि दी थी। वे अपने पीछे पत्नी कंचन किरण (40) के अलावा 14 वर्षीय पुत्र आदित्य कपूर व 12 वर्षीय पुत्री रितिका कपूर को छोड़ गये।

