झारखंड के पर्यावरण कर्मी विष्णुचरण महतो ने पीएमओ समेत वन पर्यावरण तथा राजमार्ग मंत्री को पत्र लिख कराया अवगत, एलिफेंट अंडरपास क्रास बनाने की मांग
कसमार (बोकारो)। भारतमाला परियोजना फेज वन एवं टू के कारण झारखंड में एलिफेंट कोरिडोर बंद होने को लेकर झारखंड वन पर्यावरण सुरक्षा सह प्रबंधन समिति के केंद्रीय उपाध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने प्रधानमंत्री कार्यालय, प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री एवं बोकारो जिला वन पदाधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराते हुए एलिफेंट कोरिडोर अंतर्गत चिन्हित स्थानों में एलिफेंट अंडरपास क्राॅसिंग बनाने की मांग किया है। ताकि जंगली हाथी अपने निश्चित कोरिडोर से भटके नहीं।
केंद्रीय उपाध्यक्ष श्री महतो ने कहा है कि झारखंड में जंगली हाथियों का एक विशाल भू-भाग में कोरिडोर है, जो पारसनाथ पहाड़-टुंडी जंगल से झुमरा पहाड़, हिसीम पहाड़ से सिल्ली सोनाहातू लुगू बुरू तक है। जिससे होकर जंगली हाथी सालों भर परिभ्रमण करते एवं ठहरते हैं। उसी कोरिडोर से होकर भारतमाला परियोजना फेज-1 एवं 2 कई स्थानों से गुजरेगी। जिससे कोरिडोर कई जगहों पर बंद जायेगा। जिससे जंगली हाथियों का समूह कोरिडोर मार्ग से भटक जायेंगे और गांव एवं शहर की ओर मुड़ जायेंगे। जिससे जंगली हाथियों के अस्तित्व पर संकट उत्पन्न हो जायेगा। इसलिए हाथियों के संरक्षण के लिए प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे एवं हाईवे कोरिडोर अंतर्गत चिह्नित स्थानों पर एलिफेंट अंडरपास क्रास बनाया जाय। जिससे हाथी आसानी से एक्सप्रेसवे एवं हाईवे को क्राॅस कर कोरिडोर से होकर जंगलों तक पहुंचेंगे।
