एसडीओ के निरीक्षण के बाद खुली पोल, हाईटेंशन लाइन के नीचे बना था स्टॉक यार्ड
बोकारो आजतक, संवाददाता
Kasmar: कसमार प्रखंड के बगियारी मोड़ के पास कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य से जुड़े स्टॉक यार्ड सह मिक्सिंग प्लांट में हुई घटना के बाद कसमार और जरीडीह प्रखंड के दर्जनों गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। घटना की खबर फैलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में बगियारी मोड़ और सबस्टेशन मोड़ पर जमा हो गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे निर्माण एजेंसी के स्टॉक यार्ड में चल रही भारी गाड़ियों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, लेकिन कंपनी जिम्मेदारी लेने से बच रही है। ग्रामीणों का कहना था कि प्लांट के अंदर केवल कंपनी के वाहन ही चलते हैं, ऐसे में घटना से इनकार करना संदेह को और गहरा करता है।
इस दौरान ग्रामीणों ने एक्सप्रेसवे निर्माण में स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता देने तथा बगियारी मोड़ में इंटरचेंज निर्माण की मांग भी जोरदार ढंग से उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इंटरचेंज के अभाव में कसमार और आसपास के क्षेत्रों को इस राष्ट्रीय परियोजना का कोई प्रत्यक्ष लाभ नहीं मिल रहा है। मौके पर समाजसेवी तपन कुमार झा, जेएलकेएम जिलाध्यक्ष अमरलाल महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर महतो, पूर्व मुखिया रामसेवक जायसवाल, भाजपा नेता तुलसीदास जायसवाल, भाकपा माले नेता शकुर अंसारी, पूर्व पंसस उपेंद्र जायसवाल, राजेश कुमार राय, श्रृष्टिधर महतो, शुभम झा, घनश्याम महतो, इब्राहिम अंसारी, तनवीर आलम, लालू प्रसाद झा, चंडी झा, रवि घांसी, विशाल ठाकुर, अमरेश ठाकुर, रोहित महतो आदि मौजूद थे. वहीं, विधायक प्रतिनिधि मो शेरे आलम ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली तथा कहा कि कंपनी की इस तरह की लापरवाही भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है.
इधर, मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलते ही विभागीय एसडीओ अमित कुमार खेस एवं जेई गणेश रविदास ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एसडीओ ने स्पष्ट रूप से माना कि बिना अनुमति हाईटेंशन विद्युत लाइन के ठीक नीचे मिक्सिंग प्लांट एवं स्टॉक यार्ड का निर्माण किया जाना नियमों के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि संबंधित कंपनी को नोटिस जारी कर सुरक्षा मानकों का पालन, ऊंचे रेल पोल लगाने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाएगा।

